IIT Mandi के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, किराये के कमरे में इस हालत में मिला शव

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 11:50 AM (IST)

मंडी: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के एक छात्र का शव कटौला स्थित उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतक छात्र की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चम्बा जिले के डल्हौजी का रहने वाला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र सोमवार शाम को पीएचडी के कॉम्प्रिहैंसिव टैस्ट का परिणाम आने के बाद से मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। इस घटना से पूरे संस्थान और इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार  मंगलवार सुबह जब गुरप्रीत ने अपने परिजनों के फोन उठाना बंद कर दिया और काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो परिवार वालों को चिंता हुई। इसके बाद, दोपहर के समय कटौला पंचायत के प्रधान महेश्वर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि कटौला स्कूल के समीप किराये पर रह रहा आईआईटी का एक छात्र अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई, गुरप्रीत का शव रस्सी से बनाए फंदे से लटक रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आरएफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस द्वारा कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि मौत के असल कारणों का पता लगाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News