भयानक हादसा: अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी कार, 9 वर्षीय मासूम के सिर से उठा पिता का साया
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 07:07 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी जिले के सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलघराट के समीप बुधवार को एक सड़क हादसा पेश आया। यहां स्लाइडिंग प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सुकेती खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। कार सवार पुलघराट के समीप से गुजर रहा था, तभी स्लाइडिंग प्वाइंट के पास वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी सुकेती खड्ड में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को कार से बाहर निकाला गया और तुरं जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान मुनीष भाटिया (39) पुत्र संत राम निवासी सन्यारड़ी, डाकघर तल्याहड़ व जिला मंडी के रूप में हुई है। मुनीष के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुनीष अपने पीछे पत्नी और 9 वर्षीय मासूम बेटे को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। पूरे सन्यारड़ी क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने जोनल अस्पताल मंडी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना मंडी में हादसे के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है। कार अनियंत्रित कैसे हुई, इसके असल कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

