Himachal: विधानसभा में पहली बार गूंजी देहरा MLA कमलेश ठाकुर की आवाज, 18 मिनट के भाषण में विपक्ष पर कसे ऐसे तंज
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 05:53 PM (IST)
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को एक खास नजारा देखने को मिला, जब देहरा की विधायक और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर ने सदन में अपना पहला भाषण दिया। नवरात्रों के शुभ अवसर का जिक्र करते हुए कमलेश ठाकुर ने पहली बार सदन में अपनी बात रखी। करीब 18 मिनट 33 सैकेंड के अपने भाषण में उन्होंने वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा करते हुए इसे एक संतुलित, समावेशी और आम आदमी से जुड़ा हुआ बजट करार दिया। इस दौरान उन्होंने न केवल सरकार की योजनाओं की तारीफ की, बल्कि हल्के-फुल्के अंदाज में विपक्ष पर तीखे राजनीतिक तंज भी कसे। अपने भाषण में कमलेश ठाकुर ने केंद्र की नीतियों पर तंज कसते हुए कहा कि आज 3 बहनें एलपीजी, मनरेगा और आरडीजी वेंटिलेटर पर आ गई हैं। गैस आपूर्ति की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि हॉलीडे होम और यहां तक कि विधानसभा में भी गैस की बजाय चूल्हे पर खाना बनाने की नौबत आ गई है।
श्रीमद् भागवत गीता से की बजट की तुलना
विपक्ष द्वारा बजट को भारी-भरकम बताए जाने पर पलटवार करते हुए कमलेश ठाकुर ने एक शानदार उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि बजट की किताब भारी इसलिए है क्योंकि इसमें तथ्य हैं। जिस तरह श्रीमद् भागवत गीता को केवल एक किताब नहीं, बल्कि उसका सार समझा जाता है, वैसे ही इस बजट के वजन को नहीं, बल्कि इसके सार को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यह बजट महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और बेरोजगार युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
300 यूनिट मुफ्त बिजली और शिक्षा पर रखा पक्ष
विधायक ने सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का सीधा लाभ केवल घरेलू महिलाओं को ही नहीं, बल्कि पशुपालकों, किसानों और ब्यूटी पार्लर चलाने वाली स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को भी मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में बजट की प्राथमिकताओं को सराहते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में बच्चों को तैयार करने के लिए सीबीएसई स्कूलों का निर्णय एक जरूरी बदलाव है। हालांकि, उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र देहरा में छात्रों की कमी के कारण एक कॉलेज बंद होने की स्थिति पर गहरी चिंता भी व्यक्त की।
किसानों और अनाथ बच्चों के लिए सराहे प्रयास
अपने संबोधन में उन्होंने किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए लाई गई प्रभावी योजनाओं और अनाथ बच्चों को शोषण से बचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जमकर सराहना की।
स्पीकर और विपक्ष ने की पहली स्पीच की तारीफ
देहरा विधायक के इस 18 मिनट के सधे हुए भाषण की सदन में खूब तारीफ हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उनकी पहली स्पीच की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। वहीं, सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष ने भी उनके भाषण का स्वागत किया। भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कमलेश ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक राजनीतिक परिवार से आने का अनुभव सार्वजनिक और संसदीय जीवन में हमेशा सहायक होता है।

