Himachal Weather : हिमाचल में 7 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट, 100 से अधिक सड़कें बंद

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 09:54 AM (IST)

Shimla News : मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सात अगस्त तक भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, बारिश के कारण हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से शनिवार शाम तक राज्य में 102 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। इसके अलावा 28 पेयजल योजनाएं और 11 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए।

वहीं, सबसे अधिक 43 सड़कें मंडी जिले में बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 33, शिमला में 11, चंबा और कांगड़ा में पांच-पांच, सिरमौर में चार तथा ऊना में एक सड़क बंद है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में पंडोह में सर्वाधिक 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शिमला में 36.3 मिमी, सराहन में 35.3 मिमी, स्लैपर में 31.6 मिमी, जोत में 30.8 मिमी, धर्मशाला में 26.3 मिमी और कुफरी में 25.5 मिमी वर्षा हुई। सुंदरनगर और मुरारी देवी में गरज के साथ बिजली चमकी। चंबा के भरमौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक से 31 जुलाई के बीच राज्य में औसतन 255.9 मिमी के मुकाबले 275.6 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से आठ प्रतिशत अधिक है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगस्त में चंबा और लाहौल के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक, जबकि राज्य के शेष क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News