Himachal Weather हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया 'ऑरेंज अलर्ट'
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 10:06 AM (IST)
Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार शाम तक बारिश के कारण 162 सड़कें अवरुद्ध हैं और 73 पेयजल आपूर्ति योजनाएं तथा 105 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। इस बीच, शिमला मौसम केंद्र ने 10 और 11 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' 10 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए तथा 11 अगस्त को चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए जारी किया गया है।
लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों के लिए मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि राज्य में भारी बारिश के बाद 162 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले में प्रभावित हुई हैं, जहां 56 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुल्लू में 48, चंबा में 19, सिरमौर में 16, शिमला में 14, कांगड़ा में सात और ऊना जिले में दो सड़कें बंद हैं। इस बीच, मंडी जिले के बरोट-घाटासनी मार्ग पर एक पर्यटक वाहन मलबे के नीचे दब गया। हालांकि, वाहन में सवार दोनों पर्यटक बाल-बाल बच गए।
मौसम विभाग ने बताया कि गुरूवार शाम से पिछले 24 घंटों में धर्मशाला में 91.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जोगिंदरनगर में 76 मिमी, मंडी में 68 मिमी, कंडाघाट में 63.2 मिमी, मनाली में 63 मिमी, जट्टन बैराज में 62 मिमी, शिमला में 55 मिमी, सराहन में 40.7 मिमी और कुफरी में 40.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य में 30 जून को मानसून के आगमन के बाद से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 65 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 14 लोगों की मौत भूस्खलन और एक की मौत अचानक आई बाढ़ के कारण हुई है। राज्य को अब तक लगभग 834 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

