Himachal Weather : हिमाचल में 11 अगस्त तक होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 09:37 AM (IST)

Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश के शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में 11 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' बुधवार को जारी किया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, बुधवार शाम तक 112 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहीं, जबकि 61 पेयजल योजनाएं और 189 ट्रांसफार्मर बाधित रहे। एसईओसी के अनुसार, सबसे अधिक 37 सड़कें मंडी जिले में बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 34, सिरमौर में 29, कांगड़ा में आठ, शिमला में चार, ऊना में दो और चंबा में एक सड़क बंद है।

इस बीच, बुधवार तड़के चंबा-भरमौर मार्ग पर मेहला के निकट एक एसयूवी की 'सनरूफ' पर भारी पत्थर गिरने से पंजाब के एक श्रद्धालु की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पहाड़ी से गिरा पत्थर वाहन की छत से टकराया और उसमें सवार एक व्यक्ति को जा लगा। मृतक की पहचान पंजाब के होशियारपुर निवासी 40-वर्षीय माखन सिंह के रूप में हुई है। उन्हें चंबा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार लोग मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर जा रहे थे। अन्य तीन यात्री सुरक्षित हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

वहीं, मंगलवार शाम से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। जट्टन बैराज में सबसे अधिक 135.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद रायपुर मैदान में 124.2 मिमी, नैना देवी में 110.6 मिमी और नाहन में 101.2 मिमी बारिश हुई। देहरा गोपीपुर में 97.2 मिमी, नादौन में 90 मिमी, कांगड़ा और घमरूर में 76.2-76.2 मिमी, मुरारी देवी में 66.6 मिमी, नाहन में 64.8 मिमी, धर्मशाला में 60.1 मिमी, नेरी में 58.5 मिमी, ऊना में 52 मिमी और पांवटा साहिब में 50.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कांगड़ा जिले में गरज के साथ बारिश हुई। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News