Bilaspur: ज्वैलरी शॉप से लाखों के गहने चुराने वाला मास्टरमाइंड निकला 19 साल का युवक, पुलिस ने UP के मुरादाबाद से दबाेचा
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 05:26 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): वारदात को अंजाम देने के बाद कानून की आंखों में धूल झोंकने की शातिरों की तमाम कोशिशें बिलासपुर पुलिस की सटीक तफ्तीश के आगे धरी की धरी रह गईं। जिले के झंडूता बाजार स्थित एक ज्वैलरी शॉप से करीब 5 लाख रुपए के चांदी के आभूषण उड़ाने वाले गिरोह के मुख्य सूत्रधार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से धर दबोचा है। पुलिस ने 19 वर्षीय मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चांदी की खेप भी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है, जबकि इस अपराध में संलिप्त उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
गौरतलब है कि बीते 18 अक्तूबर को झंडूता बाजार के आभूषण कारोबारी विपिन कुमार ने पुलिस थाने में अपनी दुकान से लाखों रुपए के चांदी के गहने चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी बेहद शातिर थे और पुलिस से बचने की पूरी योजना के साथ आए थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने न केवल चेहरे पर नकाब डाल रखे थे, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के साथ भी छेड़छाड़ की थी, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके।
बिना किसी प्रत्यक्ष सुराग के इस चुनौतीपूर्ण गुत्थी को सुलझाने के लिए झंडूता पुलिस ने पारंपरिक मुखबिरी के साथ-साथ तकनीकी जांच का सहारा लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने आखिरकार नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई उस मोटरसाइकिल की असल पहचान उजागर कर ली। जांच का दायरा आगे बढ़ा तो इस वारदात के तार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से जुड़े पाए गए।
पुख्ता सुराग हाथ लगते ही झंडूता पुलिस की एक टीम ने मुरादाबाद में दबिश दी और मामले के मुख्य आरोपी मनोज कुमार उर्फ मोनू (19) पुत्र अजब सिंह निवासी गांव नेवाड़ खास, जिला मुरादाबाद को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई चांदी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

