Bilaspur: नाकाबंदी के दौरान चिट्टे के साथ जीप चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 06:11 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत एसडीटी बिलासपुर की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार गत दिवस स्पैशल डिटैक्शन टीम बिलासपुर द्वारा कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी।
इस दौरान पुलिस ने पिकअप जीप को रोककर तलाशी ली गई तो चालक भूपेंद्र पाल (29) निवासी धाणा डाकघर सैंज तहसील चच्योट जिला मंडी के कब्जे से लगभग 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर बिलासपुर में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की आगामी जांच की जा रही है।

