Bilaspur: ऑक्सीजन प्लांट में काम करने वाले 2 युवकों को 8 महीने से नहीं मिला वेतन

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 04:16 PM (IST)

घुमारवी (जम्वाल): नागरिक अस्पताल घुमारवीं में ऑक्सीजन प्लांट पर कार्यरत 2 युवकों को पिछले 8 महीनों से वेतन नहीं मिला है। इन कर्मचारियों को केवल फरवरी महीने का वेतन मिला था, उसके बाद मार्च से लेकर अक्तूबर तक एक भी रुपए वेतन नहीं दिया गया है। इस दौरान सुरज कुमार व प्रमोद कुमार ने कहा कि हम दोनों कर्मचारी बाहर क्षेत्र से आकर घुमारवीं में किराए के कमरे में रह रहे हैं। वेतन न मिलने से उनके सामने किराए और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। महीनों से उधारी पर गुजारा करने को मजबूर हैं, लेकिन अब मकान मालिक भी किराया मांग रहा है और दुकानदारों ने भी उधारी देना बंद कर दिया है।

ऑक्सीजन प्लांट अस्पताल की एक महत्वपूर्ण सेवा है, जो कोरोना काल के बाद जीवन रेखा बन गई थी। इस प्लांट को 24 घंटे चालू रखने की जिम्मेदारी इन्हीं युवकों पर है, फिर भी इन्हें ही वेतन के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि कई बार अस्पताल प्रशासन और संबंधित ठेकेदार कंपनी को इस बारे में अवगत करवाया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवा में लगे कर्मचारियों को ही वेतन नहीं मिल रहा।

यदि यही हाल रहा तो ऑक्सीजन प्लांट का संचालन भी ठप हो सकता है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ेगा। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनका 8 महीने का बकाया वेतन जल्द से जल्द जारी किया जाए, ताकि वे अपना गुजारा कर सकें। ठेकेदार ईश्वर सिंह ने कहा कि हमारे पास लगभग दो हजार कर्मचारी उपलब्ध है,इस बारे में देखकर ही बता सकते हैं कि वेतन मिल रहा है या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News