Solan: सभी को शुद्ध पेयजल व हर खेत को पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : अग्निहोत्री

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 11:00 PM (IST)

मानपुरा (बस्सी): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी को शुद्ध पेयजल एवं हर खेत तक सिंचाई योग्य जल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जल शक्ति विभाग क्रियाशील है। वह रविवार को बद्दी में विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जल महोत्सव समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नालागढ़-बद्दी फोरलेन कार्य की निविदा का विषय केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि यह कार्य शीघ्र आरम्भ हो सके। हरियाणा के कालका से बद्दी तक राजमार्ग के सुधार का विषय भी केन्द्रीय परिवहन मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 297 इलैक्ट्रिक तथा 250 डीजल बसों की खरीद की जा रही है। आवश्यकतानुसार इनमें से दून तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में भी बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में जल शक्ति विभाग द्वारा 10 हजार योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल एवं समुचित सिंचाई जल उपलब्ध हो। प्रदेश में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 6 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का कार्य हुआ है। प्रदेश की जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के एवज में केन्द्र सरकार के समक्ष 1227 करोड़ रुपए लम्बित हैं।

सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुद्ध जल उपलब्ध करवाने के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की योजना तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के संवर्द्धन, री-मॉडलिंग तथा भू-जल रिचार्ज करने के लिए भी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इस अवसर पर जल प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नीर नारी सम्मान’, विभाग के कर्मठ कर्मचारियों को सतत् कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र और ग्राम पंचायत बसाल तथा ग्राम पंचायत पंजैहरा को जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव का पूर्ण कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News