Solan: नौणी विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण के लिए शिक्षकों का सम्मान
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 08:02 PM (IST)
सोलन (ब्यूरो): डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में शनिवार को शिक्षक दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षण के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. एचएस बवेजा ने भावी पीढ़ियों के निर्माण तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, अनुसंधान एवं समग्र शिक्षण वातावरण को सुदृढ़ करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे हमेशा उन शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों का सम्मान करें, जिन्होंने उनके उतार-चढ़ाव के समय उनका साथ दिया तथा उनके विकास और सफलता में योगदान दिया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. एसके भारद्वाज ने शिक्षक दिवस के महत्व और विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन को संवारने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रोफैसर वर्ग में डॉ. बीएस डिल्टा एवं डॉ. रमेश भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। सह-प्रोफैसर वर्ग में डॉ. मोनिका शर्मा एवं डॉ. पीयूष मेहता को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सहायक प्रोफैसर वर्ग में डॉ. पंकज एवं डॉ. रोहित शर्मा को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में नियमित सामूहिक गायन के लिए राष्ट्रीय गीत के शुभारंभ की पहल भी की गई। समापन अवसर पर डॉ. केके रैना द्वारा विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। डॉ. मनीष शर्मा, अधिष्ठाता, कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

