Mandi: झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह कर रहे सुक्खू : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 07:26 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह कर रहे हैं, ताकि पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी को कोई नुक्सान न हो। स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत के बाद इस कांग्रेस सरकार के खिलाफ विदाई की शहनाई बज चुकी है जिसका शोर सुनने का साहस मुख्यमंत्री में नहीं है। ये बातें मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा के प्रवास के दौरान एक कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के पास न तो प्रदेश में विकास कार्य करवाने के लिए पैसा बचा है और न ही अब उनकी कोई नीयत रह गई है। जो सरकार अपने साढ़े 3 साल का कार्यकाल पूरे होने के बाद भी जनता को यह बताने की स्थिति में नहीं है कि उसने धरातल पर क्या विकास कार्य किए हैं, वह आगे प्रदेश का क्या भला करेगी।

केंद्र से मिल रहे विकास बजट को मित्रों पर खर्च कर रही सरकार
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के पैरों तले से राजनीतिक जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है और 5 राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद अब हिमाचल के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के इस बेहद खराब प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश की जागरूक जनता इस झूठी सरकार को सत्ता से उखाड़ फैंकने के लिए पूरी तरह बेताब बैठी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र से मिल रहे विकास बजट को भी सुक्खू सरकार बंदरबांट करके सिर्फ अपने खास गुट के कांग्रेस विधायकों और चुनिंदा मित्रों के क्षेत्रों में ही खर्च कर रही है, ताकि उन्हें अगले चुनावों में फायदा मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News