Mandi: सुक्खू सरकार जनादेश को स्वीकार करे, विधानसभा चुनाव में होगा कांग्रेस का सफाया : जयराम
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 07:29 PM (IST)
मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र के स्नोर मंडल के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों, उपप्रधानों एवं भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ सांगठनिक बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास, जनहित के ज्वलंत मुद्दों और पंचायतों की भावी कार्ययोजना पर रणनीति तैयार की गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की नैतिकता इसी में है कि वे इस जनादेश का सम्मान करें, क्योंकि सत्ता के नशे में चूर होकर वे अपने पद के नैतिक मूल्य पूरी तरह भूल चुके हैं। विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस का इसी तरह सफाया होगा।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरह अड़ियल रुख अपनाए हुए हैं और अपनी करारी हार स्वीकार करने की बजाय लगातार झूठ का सहारा लेकर आंकड़े छिपा रहे हैं। पहले स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री ने झूठे आंकड़े पेश किए, फिर पंचायत चुनावों में 2,400 प्रधानों की जीत का सफेद झूठ बोला, लेकिन जब भाजपा ने इसकी सूची मांगी तो सरकार के पास कोई जवाब नहीं था। इसके बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने अपनी हार छिपाई, जबकि भाजपा ने यहां भी प्रचंड जीत के साथ इनसे 2 नगर निगम छीनकर 3 जगह बड़ी जीत दर्ज की।

