Mandi: कर्ज से परेशान बुजुर्ग ने उठाया ये कदम, जेब से मिला सुसाइड नोट

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 06:20 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पुलिस थाना सदर के समीप एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने कर्ज से तंग आकर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान राजपाल (62) पुत्र सुखराम निवासी गांव दबारडू, तहसील सदर व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने कर्ज से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। मंगलवार सुबह जब स्थानीय युवा सैर के लिए निकले तो उन्होंने सड़क किनारे पेड़ से शव लटकता देखा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजनों के बयानों के अनुसार भी राजपाल पिछले काफी समय से आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजर रहा था।

उसने बैंक के अलावा विभिन्न लोगों से करीब 25 लाख रुपए का कर्ज ले रखा था, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। पूछताछ में यह भी पता चला है कि राजपाल पहले भी कई बार बिना बताए घर से गायब हो जाता था और अपना मोबाइल फोन बंद कर लेता था। हालांकि कुछ दिन बाहर रहने के बाद वह खुद ही वापस घर लौट आता था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि राजपाल ने मंगलवार तड़के करीब 3 बजे के बीच इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News