Mandi: सार्वजनिक मंचों से मंडी की जनभावनाओं को आहत कर रहे मुख्यमंत्री : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 05:28 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के समापन सत्र में सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सार्वजनिक मंचों का उपयोग केवल व्यक्तिगत द्वेष निकालने और मंडी की जनता की भावनाओं को आहत करने के लिए कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने नेरचौक मैडीकल कालेज की खस्ताहाल स्थिति का जिक्र करते हुए सरकार की घोषणाओं को छलावा करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार करोड़ों की हाईटैक रोबोटिक सर्जरी का ढोल पीट रही है, जबकि बुनियादी सुविधाएं गायब हैं।

अस्पताल का रेडियोलाॅजी विभाग ठप्प है और एक अददद एमआरआई मशीन तक उपलब्ध नहीं है। बिना कैथ लैब के कार्डियोलाॅजी विभाग केवल नाम का रह गया है। उन्होंने सवाल किया कि जब एक्स-रे और एमआरआई जैसी प्राथमिक जांच ही संभव नहीं तो रोबोटिक सर्जरी किस आधार पर होगी। मुख्यमंत्री पिछले साढ़े 3 साल से एमआरआई मशीन का राग अलाप रहे हैं, लेकिन हकीकत में एकमात्र रेडियोलाॅजिस्ट के छुट्टी पर जाने से पूरा विभाग बंद पड़ा है। यह जनता की गाढ़ी कमाई की बर्बादी है। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री जब भी मंडी आते हैं, वे केवल उन्हें गालियां देने का काम करते हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश का विकास हुआ, यहां तक कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र नादौन में भी करोड़ों के काम हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार केवल उन मित्रों को प्रमोट कर रही है, जिन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की आर्थिक नीतियों और ओपीएस के मुद्दे पर भी घेरते हुए कहा कि सुक्खू सरकार विकास की बजाय प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेलने के लिए जानी जाएगी। ओपीएस के मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे दावों को उन्होंने हार की बौखलाहट बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अपना कोई ठोस काम नहीं है, इसलिए वे फोटो सैशन में व्यस्त हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News