मंडी में 29 अक्तूबर को नहीं होगा ड्राइविंग लाइसैंस टैस्ट, जानें क्या है वजह
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 04:50 PM (IST)
मंडी (ब्यूरो): मंडी जिले में 29 अक्तूबर को अपना ड्राइविंग लाइसैंस टैस्ट देने की तैयारी कर रहे आवेदकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य सरकार द्वारा करवा चौथ के अवसर पर पूर्ण सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद मंडी परिवहन विभाग ने 29 अक्तूबर को निर्धारित अपना ड्राइविंग लाइसैंस टैस्ट रद्द कर दिया है।
मंडी के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि करवा चौथ पर्व के दिन सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहेगी, जिसके चलते परिवहन विभाग के कार्य भी प्रभावित रहेंगे। इसी अवकाश को ध्यान में रखते हुए विभाग ने 29 तारीख को होने वाले ड्राइविंग टैस्ट को फिलहाल रद्द करने का निर्णय लिया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने ड्राइविंग लाइसैंस टैस्ट देने वाले आवेदकों से विशेष आग्रह किया है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखें और टैस्ट देने के लिए न पहुंचें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिन लोगों का टैस्ट रद्द हुआ है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रद्द किए गए ड्राइविंग टैस्ट के लिए जल्द ही एक नई तिथि निर्धारित की जाएगी। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे नई तिथि के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा जारी की जाने वाली आगामी आधिकारिक सूचनाओं से अपडेट रहें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

