Mandi News: पधर में पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध शराब-बीयर की 83 पेटियाें के साथ धरा पिकअप चालक

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 11:55 AM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार के नेतृत्व में पधर पुलिस थाने की टीम ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब  बरामद कर एक तस्कर को दबोचा है।

जानकारी के अनुसार पधर पुलिस थाना की टीम को इलाके में अवैध शराब की तस्करी होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और बल्ह-डायना पार्क मार्ग पर तुरंत नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक पिकअप वाहन (HP 76-5054) को जांच के लिए रोका गया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 83 पेटियां शराब और बीयर की बरामद हुईं। इनमें 65 पेटियां बीयर, 13 पेटियां अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग) और 5 पेटियां देसी शराब (ऊना नंबर-1) शामिल थीं।

वाहन जब्त, आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
शराब का कोई वैध परमिट न दिखा पाने पर पुलिस ने शराब की पूरी खेप और पिकअप वाहन को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने वाहन चालक की पहचान दीपक उर्फ दीपू निवासी तहसील जोगिंद्रनगर, जिला मंडी के रूप में की है। आरोपी चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।

नशे के खिलाफ जारी रहेगा पुलिस का ऑप्रेशन : एसपी
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक मंडी ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले तस्करों के खिलाफ मंडी पुलिस का यह विशेष अभियान भविष्य में भी इसी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News