मंडी-मनाली NH पर हादसा: अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकराई 108 एंबुलेंस, चालक समेत 2 घायल

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 11:39 AM (IST)

पंडोह (देशराज): हिमाचल प्रदेश के मंडी-मनाली नैशनल हाईवे पर रविवार की सुबह एक सड़क हादसा सामने आया है। पंडोह के समीप 7 मील के पास सुबह करीब 6 बजे एक 108 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पैरापिट से जा टकराई। इस दुर्घटना में एंबुलेंस चालक सहित दो लोग घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसा यह 108 एंबुलेंस कुल्लू से एक मरीज को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज (नेरचौक) छोड़ने गई थी। मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के बाद एंबुलेंस वापस कुल्लू की ओर लौट रही थी। इसी बीच सुबह के समय पंडोह के 7 मील क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी। सड़क पर अत्यधिक फिसलन होने के चलते चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे सड़क किनारे बने सुरक्षा पैरापिट से जा टकराई।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त एंबुलेंस में कुल 3 लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। टक्कर के कारण चालक सहित दो लोगों को चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पंडोह पुलिस चौकी में तैनात हैड कांस्टेबल मनोज ठाकुर ने इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा ले लिया है और दुर्घटना के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News