Himachal: STF के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, बीयर की 519 पेटियों से लदा ट्रक पकड़ा, चालक के पास नहीं था परमिट

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:26 AM (IST)

मंडी/कुल्लू (रजनीश/संजीव): हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पैशल टास्क फोर्स मंडी की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने एक ट्रक से इतनी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है, जिसे देखकर खुद पुलिस वाले भी हैरान रह गए। दरअसल, बीती शाम एसटीएफ मंडी की टीम मलारी फोरलेन टनल के पास अपनी रूटीन नाकाबंदी और चैकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक ट्रक ( HP 65A-3114) वहां से गुजरा। टीम ने जब उसे जांच के लिए रोका और उसकी तलाशी ली, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। ट्रक में भारी मात्रा में बीयर की पेटियां लदी हुई थीं।

पुलिस ने जब पेटियों की गिनती की तो ट्रक से कुल 519 पेटी बीयर बरामद हुई। जब एसटीएफ की टीम ने ट्रक ड्राइवर से इस खेप को ले जाने का परमिट, लाइसैंस या कोई अन्य वैध दस्तावेज मांगा, तो वह कोई भी कागज दिखाने में पूरी तरह नाकाम रहा। बिना किसी वैध परमिट के इतनी बड़ी मात्रा में बीयर की खेप ले जाते देख टीम ने तुरंत एक्शन लिया। एसटीएफ ने मौके पर ही ट्रक और उसमें रखी पूरी 519 पेटी बीयर को अपने कब्जे में ले लिया। शुरूआती कार्रवाई पूरी करने के बाद एसटीएफ ने आगे की कानूनी जांच के लिए मामला सदर पुलिस थाना मंडी के सुपुर्द कर दिया है। सदर थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस की तफ्तीश इस अहम सवाल पर टिकी है कि आखिर इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।

एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि एसटीएफ मंडी ने मलारी फोरलेन टनल के पास बिना वैध दस्तावेजों के 519 पेटी अवैध बीयर पकड़ी है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध शराब के काले कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हिमाचल में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News