Shimla: लाहौल-स्पीति के सिस्सू में कार खाई में गिरने से मंडी के 2 युवकों की मौत, 3 घायल

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 10:19 PM (IST)

मनाली (सोनू): जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के सिस्सू में गत रात एक अनियंत्रित कार के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जिला मंडी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

लाहौल-स्पीति पुलिस के अनुसार, गत रात एक कार (नंबर एच.पी.-31सी-1662) गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सैल्फी प्वाइंट के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय कार में 5 लोग सवार थे।

हादसे में सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी भडियाल (तहसील बल्ह, जिला मंडी) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान मोहन सिंह पुत्र सेवक राम (निवासी चुवाड़ी, राजगढ़), निखिल पुत्र रमेश चंद (निवासी सकरोआ), बबलू पुत्र हल्कू राम (निवासी मंडी) और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास (निवासी टिक्कर, तहसील बल्ह) के रूप में हुई है। केलांग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया गया।

हालांकि कुल्लू में उपचार के दौरान जख्मों का ताव न सहते हुए बबलू ने भी दम तोड़ दिया। अन्य 2 घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News