Kangra: डमटाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 11:26 PM (IST)
इंदौरा (अजीज): उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत डमटाल क्षेत्र में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप शिवालिक की पहाड़ियों में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गली-सड़ी अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मुख्य मार्ग से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल की तरफ झाड़ियों के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई अंकुश पठानिया पुलिस टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
वहीं एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया व आसपास के क्षेत्र का जायजा लेते हुए मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं के दृष्टिगत आवश्यक जानकारी जुटाई व पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल पर शव तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए, जिन्हें जांच के दौरान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं भीषण गर्मी तथा शव में सड़ांध पैदा होने से व बरसात में झाड़ियों की बहुतायत से पुलिस टीम को वहां पहुंचने व शव को मार्ग तक लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा शव की पहचान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह यहां तक कैसे पहुंचा।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। शव की स्थिति को देखते हुए उसके कुछ समय से वहां पड़े होने की आशंका है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल नूरपुर भिजवा दिया है।

