मणिमहेश यात्रा पर लगी रोक, एक बार फिर हिमाचल दौरे पर आएंगे केजरीवाल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Jul 11, 2022 - 06:06 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिय गया है। सोलन में एक व्यक्ति ने शौचालय में खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार हिमाचल आ रहे हैं।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का निकला परिणाम
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बता दें कि कांस्टेबल के 1334 पदों के लिए 3 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 69405 अम्मीदवारों ने भाग लिया था। उत्तर पुस्तिकाओं की नियमानुसार चैकिंग के बाद परिणाम घोषित किया गया। इस लिखित परीक्षा में कुल 12336 प्रत्याशी उत्तीर्ण हुए हैं।

13 जुलाई तक मणिमहेश यात्रा पर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु
जिला प्रशासन ने 13 जुलाई तक मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। खराब मौसम को देखते हुए यह रोक लगाई है। भारी बारिश के चलते मणिमहेश के बीच धन्छौ के पास पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा जगह-जगह रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं, ऐसे में इन रास्तों से सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। 

चिल्ड्रन पार्क के शौचालय में पैट्रोल से भरी बोतल लेकर घुसा व्यक्ति
सोलन शहर के माल रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क के सार्वजनिक शौचालय के अंदर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं मौके पर पहुंचकर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक व्यक्ति शौचालय के बहाने करीब 2 बजकर 5 मिनट पर शौचालय के अंदर गया था, जिसके हाथ में पैट्रोल की बोतल थी।

वीरभूमि पालमपुर में 12 जुलाई को AAP निकलेगी तिरंगा यात्रा
आम आदमी पार्टी द्वारा पालमपुर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 12 जुलाई को प्रस्तावित इस तिरंगा यात्रा में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भाग लेंगे। यह तिरंगा यात्रा नया बस अड्डा के समीप विशाल मैगा मार्ट से आरंभ होकर नेहरू चौक तक आयोजित की जाएगी।

हिमाचल में मानसून से अब तक 93 करोड़ का नुक्सान
हिमाचल में मानसून सीजन को शुरू हुए अभी तक आधा महीना भी नहीं हुआ है लेकिन मानसून ने हिमाचल को इतने कम समय में गहरे जख्म दे दिए हैं। प्रदेश में अभी तक मानसून के कारण 93 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। इनमें सबसे अधिक नुक्सान पीडब्ल्यूडी विभाग को हुआ है। विभाग को अब तक 87 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन है।

अटल टनल निर्माण का झूठा श्रेय ले रहे सीएम जयराम 
जयपुर में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा अपने अभिभाषण में अटल टनल निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिए जाने पर कांग्रेस भड़क गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री पर अटल टनल निर्माण का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

हिमाचल में कोरोना संक्रमण से 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कोरोना से 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं 71 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर का 1, चम्बा के 19, हमीरपुर के 7, कांगड़ा के 24, किन्नौर का 1, कुल्लू का 1, मंडी के 4, शिमला का 1, सिरमौर के 5, सोलन के 6 व ऊना के 2 मरीज शामिल हैैं। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 287535 पहुंच गया है। 

हिमाचल भवन चंडीगढ़ में काॅन्फ्रैंस हॉल का उद्घाटन करेंगे सीएम जयराम 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार 11 जुलाई को हिमाचल भवन चंडीगढ़ में काॅन्फ्रैंस हॉल को लोगों को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह मंडी के सिराज विधानसभा क्षेत्र के पंचायती राज प्रतिनिधियों से बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रविवार शाम को चंडीगढ़ पहुंचेंगेे तथा शाम को वह हिमाचल भवन चंडीगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे।

पुलिस ने गाड़ी चोरी मामले के यूपी से गिरफ्तार किए 2 आरोपी 
शिमला के भट्टाकुफर से चोरी हुई गाड़ी मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। भट्टाकुफर से बोलेरो गाड़ी चोरी की यह घटना 2 दिन पहले ढली थाने में दर्ज हुई थी। पुलिस को दी शिकायत में जगदीश चंद गांव रतनपुर डाकघर करटोट तहसील रामपुर ने कहा था कि उसने अपनी बोलेरो गाड़ी भट्टाकुफर में सड़क किनारे पार्क की थी जोकि चोरी हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News