राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने को प्रस्ताव पारित करेगी हिमाचल कांग्रेस

punjabkesari.in Sunday, Nov 26, 2017 - 11:56 PM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस कमेटी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के लिए एक प्रस्ताव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजेगी। यह प्रस्ताव 28 नवम्बर को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित होने वाली बैठक में पार्टी की तरफ से लाया जाएगा और सर्वसम्मति से इसे पारित कर हाईकमान को भेजा जाएगा। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारियां चल रही हैं और जल्द ही इस पर मोहर लगने वाली है, ऐसे में प्रदेश कांग्रेस भी इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर हाईकमान को भेजेगी। 

बैठक में पदाधिकारियों के साथ जिला व ब्लाक अध्यक्ष भी रहेंगे मौजूद 
कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों के साथ ही सभी जिला व ब्लाक अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश कांग्रेस की यह अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में पार्टी द्वारा तैयार की गई आंतरिक रिपोर्ट के साथ ही कई अन्य मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा। यह बैठक कांग्र्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी।

पदाधिकारियों से लिया जाएगा मतदान का फीडबैक
बैठक में सभी पोलिंग बूथों पर हुए मतदान का फीडबैक भी पदाधिकारियों से लिया जाएगा। इसके अलावा बैठक में संगठन के कामकाज पर भी मंथन किया जाएगा। विस चुनावों में हर ब्लाक में किन-किन पदाधिकारियों ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होकर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ  कार्य किया, उस पर भी चर्चा की जाएगी। इस संबंध में कई कई शिकायतें पार्टी अध्यक्ष को मिली हैं, जिनमें से कुछ पर कार्रवाई हो चुकी है जबकि कुछ शिकायतें अभी लंबित पड़ी हंै।

एक गुट के विशेष नेताओं को टारगेट करने के आरोप
चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 52 कांग्रेसजनों को संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है। इसके साथ ही विस चुनाव के दौरान जिन 10 नेताओं को पार्टी के विभिन्न पदों पर बिठाया गया था, उनकी नियुक्तियों को भी रद्द किया जा चुका है। इसको लेकर पार्टी के भीतर खासा विरोध भी हो रहा है। आरोप लग रहे हैं कि एक गुट विशेष के नेताओं को ही टारगेट किया जा रहा है, ऐसे में इस बैठक में इस मामले पर घमासान होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News