हिमाचल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर सीएम सुक्खू जाएंगे दिल्ली, जल्द हो सकती है नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 04:34 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर पार्टी नेता जल्द ही फिर से दिल्ली का दौरा करेंगे। पिछले पांच महीनों से भंग चल रहे प्रदेश कांग्रेस संगठन को नए पदाधिकारियों का इंतजार है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सभी नई दिल्ली में पार्टी आलाकमान से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की पिछली बैठक में भी इन नेताओं से संगठन के संभावित पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने आलाकमान को कुछ नामों का सुझाव भी दिया है। अब एक और दौर की बातचीत के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा होने की संभावना है।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति के कारण यह दौरा पहले टाला गया था। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपना दिल्ली दौरा रद्द कर दिया था, जबकि उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री चंडीगढ़ से ही वापस लौट आए थे। अब स्थिति सामान्य होने के बाद, इन नेताओं को फिर से दिल्ली बुलाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा संगठन में कोई अन्य पदाधिकारी नहीं है। न तो कोई कार्यकारी अध्यक्ष है और न ही उपाध्यक्ष या महासचिव। ऐसे में संगठन के कामकाज पर असर पड़ रहा है। नई कार्यकारिणी के गठन से पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।