Himachal: राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा पहुंचीं शिमला, छराबड़ा वाले आशियाने में बिताएंगी सुकून के पल
punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 05:01 PM (IST)

कुफरी (गौतम): राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा रविवार को शिमला पहुंचीं। दोपहर लगभग एक बजे उनकी गाड़ियों के काफिले ने सड़क मार्ग से शिमला के समीप छराबड़ा स्थित उनके आवास में प्रवेश किया। उनके आगमन से पहले ही उनके सुरक्षा कर्मी एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन छराबड़ा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था में जुट गए थे। भवन के आसपास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर उनके सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित किया गया है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए प्रियंका वाड्रा ने शिमला की ठंडी वादियों का रुख किया है। हालांकि इस बार शिमला के साथ-साथ कुफरी का तापमान भी सामान्य से अधिक गर्म हुआ है। दिन के समय यहां का तापमान 20 से 25 डिग्री सैल्सियस के बीच पहुंच रहा है, जोकि पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। इसके बावजूद सुबह-शाम का मौसम ठंडा और सुहावना बना हुआ है जो राजधानी दिल्ली जैसे गर्म इलाकों से आए लोगों के लिए राहत भरा है।
प्रियंका वाड्रा अपने इस प्रवास के दौरान राजनीति से कुछ समय के लिए दूर रहकर शिमला की ठंडी वादियों का लुत्फ उठाएंगी। वे छराबड़ा स्थित अपने आवास पर अपने बाग-बगीचे की देखरेख भी करेंगी। सूत्रों के मुताबिक वह यहां दो से तीन दिन रुक सकती हैं और इस दौरान वे शिमला के प्राकृतिक वातावरण में शांति और सुकून का अनुभव करेंगी।
बता दें कि प्रियंका वाड्रा का छराबड़ा में एक अपना आवास है, जहां वह समय-समय पर आती रहती हैं। उनका यह दौरा न केवल उनकी निजी जीवन का हिस्सा है बल्कि उनके लिए राजनीतिक हलचल से एक छोटा विराम भी माना जा सकता है। शिमला में स्थानीय प्रशासन ने उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर रखा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here