Himachal Weather Update: हिमाचल में अगले 5 दिनों तक मौसम का बड़ा उलटफेर, सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 10:53 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में मौसम को लेकर अलग-अलग रुप देखने को मिल रहे है। यदि आप भी पहाड़ो की सैर करने का मन बना रहे है तो पहले यह खबर जरुर पढ़े ले। हिमाचल में एक तरफ लाहौल-स्पीति जैसी ऊंची घाटियों में ताजा बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ निचले इलाकों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
रविवार को लाहौल के कोकसर में हुई हल्की बर्फबारी ने पूरी घाटी को शीत लहर की चपेट में ले लिया है। शिमला और मनाली में सैलानियों के पसंदीदा शहरों में मौसम सुहावना बना हुआ है। बादलों की लुका-छिपी की वजह से यहां तापमान में लगभग 4 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे शाम होते ही ठंडक बढ़ गई है।
मनाली में पारा गिरकर 20.6 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसके कारण पर्यटकों को फिर से गर्म जैकेट निकालने पड़ गए हैं। वहीं हिमाचल के मैदानी जिले भीषण गर्मी झेल रहे हैं। ऊना रविवार को राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडी, नाहन और सुंदरनगर में भी पारा 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है।
मौसम का पूर्वानुमान (20 से 25 अप्रैल)
20 अप्रैल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी/बारिश, मैदानों में धूप रहेगी। 21 से 23 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 24 से 25 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा, जिससे भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जिसके कारण यात्रा करने वाले लोग मौसम की चेतावनी पढ़कर ही घर से निकलें।
तापमान का अंतर
राज्य में तापमान का अंतर चौंकाने वाला है। एक ओर लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री तक गिर गया है, वहीं राजधानी शिमला में रात का तापमान 16.8 डिग्री के आसपास है।
सैलानियों के लिए जरूरी टिप्स
यदि आप मनाली या लाहौल की ओर जा रहे हैं, तो भारी ऊनी कपड़े साथ रखें। ऊंचे इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है। यदि आप मैदानी रास्तों (जैसे ऊना या कांगड़ा) से आ रहे हैं, तो दिन की तेज धूप के लिए हल्के सूती कपड़े भी पास रखें।

