Weather Update: हिमाचल में 8 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट, 5 जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी, 100 सड़कें बंद
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 06:40 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में मानसून के आक्रामक तेवर लगातार जारी हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में 8 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव और भूस्खलन की प्रबल आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 अगस्त तक कांगड़ा, चम्बा, बिलासपुर, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। गौरतलब है कि इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है, लेकिन आगामी दिनों में होने वाली भारी बारिश इस कमी को पूरा कर सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के समीप न जाने की अपील की है। रविवार को राज्य में मौसम का मिला-जुला असर रहा। धर्मशाला में सर्वाधिक 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि नेरी, कुफरी और ताबो में हल्की बारिश हुई।
तापमान के मोर्चे पर ऊना 35 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी के बीच अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों की बात करें तो बिलासपुर के ब्रह्माणी में सबसे ज्यादा 9 सैंटीमीटर और पांवटा में 6 सैंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश ने पूरे प्रदेश में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन के कारण मंडी, कुल्लू और चम्बा जिलों में सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है और राज्य भर में लगभग 100 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और पेयजल योजनाएं भी ठप्प पड़ गई हैं, जिन्हें बहाल करने में प्रशासन जुटा है।

