शिव प्रताप शुक्ला ने ली राज्यपाल पद की शपथ, CM सुक्खू आज करेंगे अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Feb 18, 2023 - 11:39 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी की सेचू पंचायत के चसक गांव में भारी बर्फबारी के कारण दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। शिव प्रताप शुक्ला ने राजभवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली शाही जलेब रविवार को निकलेगी। शनिवार को करीब 140 देवी-देवता पहुंचे जिससे देव ध्वनियों से छोटी काशी भक्तिमय हो गई। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार देर शाम को छोटी काशी पहुंचे। नूरपुर पुलिस थाना के तहत लोहरपुरा पंचायत की सौतेली मां द्वारा कथित तौर पर 5 वर्षीय बच्ची पर उबलता हुआ पानी फैंक गंभीर रूप से घायल करने का मामला दर्ज हुआ है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा है कि राज्यपाल का पद संवैधानिक है और इसे सियासत से नहीं जोड़ सकते। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। बैजनाथ में शनिवार को 5 दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज शोभायात्रा के साथ हुआ। पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली की धर्मपत्नी एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली की माता किरण बाली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। चम्बा-भरमौर मार्ग पर ढकोग के समीप एक बाइक दुर्घटना में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

पांगी में भारी बर्फबारी से दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त
चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी की सेचू पंचायत के चसक गांव में दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। भारी बर्फबारी के कारण लकड़ी और मिट्टी से बने इस मकान की छत टूट गई और मकान ढह गया। अब चारदीवारी शेष बची है। हालांकि इस मकान में कोई नहीं रहता था लेकिन प्रभावित परिवार का राशन समेत कुछ सामान इस घर में था जोकि अब पूरी तरह से नष्ट हो चुका है। 

शिव प्रताप शुक्ला ने संस्कृत में ली हिमाचल के 29वें राज्यपाल पद की शपथ
शिव प्रताप शुक्ला ने यहां राजभवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शिव प्रताप शुक्ला ने संस्कृत में शपथ ली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी इस दौरान उपस्थित थे। 

शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने 140 देवी-देवता पहुंचे छोटी काशी
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली शाही जलेब रविवार को निकलेगी। शनिवार को करीब 140 देवी-देवता पहुंचे जिससे देव ध्वनियों से छोटी काशी भक्तिमय हो गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे डीसी कार्यालय में पगड़ी बंधवाने की रस्म के बाद माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे तथा पड्डल मैदान तक निकलने वाली शोभायात्रा में भाग लेंगे।

मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, वाद्ययंत्रों की धुनों पर किया अभिनंदन
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार देर शाम को छोटी काशी पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री का सुंदरनगर हैलीपैड पर स्वागत किया गया और इस दौरान उनके साथ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उपस्थित थीं। सुंदरनगर से हटगढ़ तक जगह-जगह लोगों ने परंपरागत संगीत व वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। 

सौतेली मां ने 5 साल की बेटी के साथ कर दिया रोंगटे खड़े कर देने वाला ये काम
नूरपुर पुलिस थाना के तहत लोहरपुरा पंचायत की सौतेली मां द्वारा कथित तौर पर 5 वर्षीय बच्ची पर उबलता हुआ पानी फैंक गंभीर रूप से घायल करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार सौतेली मां इस घटना के बाद बच्ची को जंगल में छोड़ आई और बच्ची के गुम होने का ड्रामा रचा। उसी गांव की एक महिला जंगल में घास लेने गई तो उसने बच्ची को देखा और उसके परिवार को सूचित किया। 

राज्यपाल का पद संवैधानिक, इसे सियासत से नहीं जोड़ सकते
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा है कि राज्यपाल का पद संवैधानिक है और इसे सियासत से नहीं जोड़ सकते। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश में अधिकांश समय सड़क मार्ग से ही यात्रा करेंगे ताकि वह लोगों की समस्याओं को जानकर उनका निवारण कर सकें। शिव प्रताप शुक्ला राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद राजभवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

कांग्रेस ने गोकुल बुटेल को सौंपा महत्वपूर्ण दायित्व
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। गोकुल बुटेल अखिल भारतीय कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों के लिए गठित राष्ट्रीय समन्वय समिति में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने समूचे देश से 8 कांग्रेस पदाधिकारियों को यह दायित्व सौंपा है।

ठेकेदारों व क्रशर मालिकों के साथ रेट कॉन्ट्रैक्ट का भाजपा करेगी खुलासा
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही ठेकेदारों व क्रशर मालिकों के साथ रेट कॉन्ट्रैक्ट फिक्स हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा इसका जल्द खुलासा करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की चार्जशीट तैयार करने वाले एक अधिकारी को विशेष नियुक्ति देकर इसका ईनाम दिया गया है।

शोभायात्रा के साथ बैजनाथ शिवरात्रि महोत्सव शुरू, देवी-देवताओं ने भरी हाजिरी
बैजनाथ में शनिवार को 5 दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज शोभायात्रा के साथ हुआ। विश्राम गृह बैजनाथ से चली शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यातिथि कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार शिव मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत मुख्यातिथि ने बैजनाथ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जाकर झंडा रस्म अदा करने के बाद दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। 

पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली की धर्मपत्नी किरण बाली का निधन
पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली की धर्मपत्नी एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली की माता किरण बाली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। शनिवार सुबह 7 बजे दिल्ली एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। किरण बाली बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और 2 दिन पहले रघुवीर बाली ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की थी। वहीं शनिवार को भी उन्होंने अपनी माता के निधन की जानकारी सांझा की।

चम्बा-भरमौर मार्ग पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, 2 युवकों की मौके पर मौत
चम्बा-भरमौर मार्ग पर ढकोग के समीप एक बाइक दुर्घटना में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। युवकों की पहचान विकास कुमार (28) पुत्र लेहरु राम निवासी गांव मरौथा पंचायत लोथल व सचिन कुमार (30) पुत्र रोशन लाल निवासी गांव तगैलथा पंचायत सुनारा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

शादी का झांसा देकर दिल्ली की युवती से रेप
मनाली पुलिस स्टेशन में शनिवार को आईपीसी की धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली की रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती ने थाना मनाली में शिकायत दर्ज करवाई है कि दिनेश सिंह डोगरा पुत्र ओम प्रकाश डोगरा निवासी डंगार रोपड़ी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर कुछ समय से इसके साथ रह रहा था तथा इस दौरान उसने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए लेकिन अब यह शादी करने से मना कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News