HP Panchayat Election 2026: महिलाओं ने संभाली लोकतंत्र की कमान, पिंक पोलिंग बूथ बने आकर्षण का केंद्र
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 01:53 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): पंचायत चुनावों के दौरान जिला प्रशासन की अनोखी पहल ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ग्राम पंचायत पट्टा के वार्ड नगरांव सहित सेऊ क्षेत्र के जाहरी में बनाए गए विशेष पिंक पोलिंग बूथ महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। इन बूथों की खास बात यह रही कि यहां मतदान प्रक्रिया की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली। पोलिंग अधिकारी, सुरक्षा कर्मी, स्वास्थ्य कर्मचारी और अन्य व्यवस्थाओं में केवल महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अधिक जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई।
मतदान केंद्रों को गुलाबी थीम से सजाया गया था, जिससे बूथों का माहौल अलग और आकर्षक नजर आया। महिलाओं की सुविधा के लिए ठंडे पानी, बैठने की व्यवस्था तथा छोटे बच्चों के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्ले रूम भी बनाए गए, ताकि महिलाएं बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत महिला डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी तैनात रही। घुमारवीं के नागरांव बूथ पर डॉ. गरिमा, डॉ. शिल्पा ठाकुर और वंदना ने स्वास्थ्य सेवाएं संभालीं। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इन पोलिंग बूथों में सैल्फी स्टैंड भी बनाया गया था, जहां पर महिलाओं ने सैल्फियां भी लीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पिंक पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन बूथों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सहज और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध करवाना है, ताकि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है और प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार की पहल को आगे बढ़ाता रहेगा।

