हिमाचल की इस पंचायत में प्रधान पद का चुनाव हुआ रद्द, 2 महिला प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग से छिपाई थी ये बात
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 12:30 PM (IST)
बिलासपुर (विशाल): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से पंचायत चुनावों को लेकर एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। श्री नयना देवी जी विकास खंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टाली में आज (26 मई) होने वाला प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। चुनाव लड़ रही प्रत्याशियों की एक बड़ी चालाकी पकड़े जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने यह सख्त कदम उठाया है। हालांकि, पंचायत में अन्य पदों के लिए मतदान तय समय पर ही हो रहा है।
सरकारी नौकरी छिपाकर भरा था नामांकन
जिला पंचायत निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना का हवाला देते हुए इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टाली पंचायत में प्रधान पद के लिए दो महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। इनमें कमलेश पत्नी राम कृष्ण और मीरा देवी पत्नी जय पाल शामिल हैं। जांच में सामने आया कि ये दोनों ही महिलाएं सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। कमलेश मिड-डे मील कार्यकर्त्ता हैं, जबकि मीरा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
आयोग ने दस्तावेजों को किया सील
हैरानी की बात यह रही कि दोनों ही प्रत्याशियों ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग से अपने सरकारी पद पर होने की जानकारी छिपाई। जब इस तथ्य की पोल खुली और राज्य निर्वाचन आयोग ने मामले की समीक्षा की, तो तत्काल प्रभाव से प्रधान पद के चुनाव को स्थगित करने के आदेश जारी कर दिए गए। चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाते हुए निर्देश दिए हैं कि प्रधान पद से संबंधित सभी नामांकन पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों को तुरंत सीलबंद कर दिया जाए। ये सभी दस्तावेज अब रिटर्निंग अधिकारी की कस्टडी (अभिरक्षा) में सुरक्षित रखे जाएंगे।
प्रशासन ने मतदाताओं के लिए यह स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत टाली में सिर्फ प्रधान पद का चुनाव नहीं होगा। इस पद को छोड़कर पंचायत के अन्य सभी पदों (जैसे वार्ड पंच आदि) के लिए चुनाव प्रक्रिया पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न करवाई जाएगी।

