HP Panchayat Election 2026: बूथ के अंदर भिड़े 2 गुट, वोटिंग लाइन में हाथापाई; जानें पंचायत चुनाव में कहां-कहां हुआ बवाल

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 04:32 PM (IST)

हिमाचल डैस्क: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए मतदान दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया है। हालांकि, वोटिंग का यह दिन काफी हंगामेदार रहा। ऊना के बीटन और नालागढ़ के दून में मतदान केंद्रों पर जमकर बवाल और मारपीट देखने को मिली, जिसके चलते कुछ देर के लिए वोटिंग रोकनी पड़ी। वहीं, शिमला में एक अलग ही विवाद के कारण मतदाता दिनभर धूप में खड़े रहने को मजबूर हुए। पुलिस की मुस्तैदी से हालात पर काबू पाया गया और गनीमत यह रही कि इन हिंसक झड़पों में किसी को चोट नहीं आई है।

ऊना: बूथ के अंदर ही भिड़े उम्मीदवारों के गुट

ऊना जिले के हरोली स्थित बीटन पंचायत में भी चुनावी माहौल अचानक गरमा गया। यहां वोटिंग प्रक्रिया को लेकर दो उम्मीदवारों के बीच मतभेद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पोलिंग बूथ के अंदर ही दो गुटों में जमकर हाथापाई होने लगी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ और प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।

नालागढ़: लाइन में धक्कामुक्की बनी मारपीट की वजह

नालागढ़ के दून विधानसभा क्षेत्र के शीतलपुर बूथ पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पोलिंग बूथ के बाहर लगी लाइन में धक्कामुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते दो गुटों में तीखी नोकझोंक हुई और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। बवाल बढ़ने पर मतदान कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालात सामान्य होने के बाद वोटिंग दोबारा शुरू करवाई गई।

शिमला: नोटा स्टैंप पर लेकर मचा बवाल, वोटिंग के लिए करना पड़ा इंतजार

उधर, शिमला के रामपुर स्थित ब्रांदली में एक अलग ही तरह का विवाद सामने आया। यहां आरोप लगा कि वोटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली मुहर की जगह नोटा स्टैंप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस आरोप के चलते यहां सुबह से ही मतदान प्रक्रिया ठप्प रही और अपना नेता चुनने आए लोग दिनभर तेज धूप में खड़े होकर वोटिंग शुरू होने का इंतजार करते रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News