Shimla: HPU ने जारी की फाइनल डेटशीट, इस दिन शुरू होंगी स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 10:33 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने संबद्धता प्राप्त कॉलेजों में स्नातक वार्षिक परीक्षाओं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। बीए, बीएससी, बीकॉम, शास्त्री, बीएससी ऑनर्स (बायोटैक्नोलॉजी व माइक्रोबायोलॉजी)/बीएससी ऑनर्स अंग्रेजी, मनोविज्ञान, भूगोल व अर्थशास्त्र प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होंगी। ये परीक्षाएं सुबह व दोपहर के सत्रों में आयोजित होंगी।
बुधवार को इस संबंध में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय ने बीते फरवरी माह में स्नातक वार्षिक परीक्षाओं की टैंटेटिव डेटशीट जारी की थी और इसको लेकर आपत्तियां आमंत्रित की गई थी। इस बीच विद्यार्थियों और कालेज प्रबंधनों की ओर से आई आपत्तियों व सुझावों को ध्यान में रखते हुए फाइनल डेटशीट जारी की गई है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय ने एमटैक और बीएएमएस द्वितीय प्रोफैशनल और तृतीय प्रोफैशनल वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं की डेटशीट भी जारी कर दी है। एमटैक (सीएसई,ईसीई,सीई,ईई) की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होंगी और बीएएमएस की परीक्षाएं 28 मार्च से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. कौशल ने बताया कि विस्तृत डेटशीट विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
परीक्षा परिणाम घोषित करने का सिलसिला जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से स्नातकोतर कोर्सिज की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने का सिलसिला जारी है। इसके तहत बुधवार को एमएससी डाटा साइंस एंड आर्टिफिशल इंटैलीजैंस तृतीय सैमेस्टर का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत, एमए अर्थशास्त्र प्रथम सैमेस्टर रि-अपीयर का परिणाम 95.24 प्रतिशत, द्वितीय सैमेस्टर फ्रैश का परिणाम 68.42 प्रतिशत, तृतीय सैमेस्टर रि-अपीयर व चतुर्थ सैमेस्टर फ्रैश का परिणाम 100 प्रतिशत रहा।

