एक चूक और जेब खाली! आधार कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर, जानिए कितना बढ़ा आपका खर्च?

punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 10:43 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। आधार कार्ड आज के समय में सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हर ज़रूरी सरकारी और निजी सुविधा का ताला है, चाहे बैंक का काम हो, स्कॉलरशिप, पेंशन या किसी भी तरह की सब्सिडी। इसलिए, इसे अप-टू-डेट रखना बेहद ज़रूरी है।

इसी ज़रूरत को देखते हुए, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार अपडेट सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। ये नए चार्ज 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो गए हैं और 30 सितंबर 2028 तक मान्य रहेंगे। UIDAI ने तो आने वाले सालों (2028-2031) के लिए भी नई दरें तय कर दी हैं।

कितना बढ़ा आपका खर्च?

आधार की विभिन्न सेवाओं के लिए अब आपको पहले से ज़्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। यहां देखें अपडेटेड शुल्क:

जो काम पहले ₹50 में होता था, उसके लिए अब ₹75 देने होंगे।

₹100 वाली सेवा अब ₹125 में उपलब्ध होगी।

₹75 की सेवा का शुल्क बढ़कर ₹90 हो गया है।

वर्तमान में ₹125 की कुछ सेवाओं का शुल्क 1 अक्टूबर 2028 से बढ़कर ₹150 हो जाएगा।

बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी

UIDAI ने बच्चों के आधार अपडेट पर खास रियायत दी है, जिससे माता-पिता को बड़ी राहत मिली है:

5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र में बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट एक बार पूरी तरह मुफ्त रहेगा।

7 से 15 साल के बच्चों के लिए 30 सितंबर 2026 तक सभी अपडेट शुल्क माफ़ कर दिए गए हैं।

डेमोग्राफिक और डॉक्युमेंट अपडेट के नियम

डेमोग्राफिक अपडेट (जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, जन्मतिथि, लिंग बदलना):

अगर आप बायोमेट्रिक अपडेट के साथ यह कराते हैं, तो कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।

लेकिन, केवल डेमोग्राफिक जानकारी अपडेट करने पर अब ₹75 का शुल्क लगेगा (जो पहले ₹50 था)।

डॉक्युमेंट अपडेट (Proof of Identity/Address):

14 जून 2026 तक आप myAadhaar पोर्टल के ज़रिए ऑनलाइन डॉक्युमेंट अपडेट मुफ्त में करा सकते हैं।

यदि आप आधार सेंटर पर जाकर यह सेवा लेते हैं, तो आपको ₹75 का शुल्क देना होगा।

होम सर्विस का भारी-भरकम चार्ज

अगर आप आधार अधिकारी को घर बुलाकर आधार अपडेट कराना चाहते हैं, तो यह सेवा सबसे महंगी साबित होगी:

अधिकारी को घर बुलाने पर अब ₹700 (जीएसटी सहित) का भारी शुल्क देना होगा।

हालांकि, उसी पते पर हर अतिरिक्त सदस्य के लिए शुल्क ₹350 लगेगा।

आधार को अपडेट रखना अब अनिवार्य हो गया है, ऐसे में इन बढ़े हुए चार्जेस की जानकारी रखना ज़रूरी है ताकि आप समय रहते अपनी योजना बना सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News