हिमाचल में मॉनसून की विदाई, खिली धूप ने बढ़ाई गर्मी, जानिए नया अपडेट?

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 04:14 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की विदाई के बाद अब लोगों को राहत मिली है। पिछले एक सप्ताह से राज्य में लगातार धूप खिल रही है, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। 24 सितंबर से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने राज्य के अधिकांश हिस्सों से वापसी कर ली है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 से 30 सितंबर तक हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अधिकतर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और दिन में अच्छी धूप खिली रहेगी। इससे दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल, आगामी 5 दिनों के लिए मौसम विभाग ने किसी भी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

इस दौरान हिमाचल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत नहीं होगी। दिन में सामान्य कपड़े पहनने से काम चल जाएगा, जबकि सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News