पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी के दूरदर्शी निर्णयों का देश को मिल रहा लाभ : मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Sunday, Nov 19, 2023 - 08:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती रविवार को ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोनी, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य मंत्रियों व कांग्रेस नेताओं ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। सीएम ने राष्ट्र निर्माण में इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज देश को उनके दूरदर्शी निर्णयों का लाभ मिल रहा है। उन्होंने आम आदमी को लाभ पहुंचाने के लिए भू-सुधार कानून लाने और बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने जैसे साहसिक फैसले लिए। उन्होंने बंगलादेश की मुक्ति में अहम योगदान दिया है, जो देशभक्ति का एक अद्वितीय उदाहरण है। सीएम ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। 

इंदिरा गांधी के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए : रोहित ठाकुर
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिसमें बैंकों को नैशनलाइज्ड करने और पाकिस्तान को करारी शिकस्त देने जैसे कार्य शामिल हैं। वर्ष 1971 में हिमाचल को भी स्टेटहुड उनके समय में ही मिली थी। सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम इंदिरा गांधी के आदर्शों का पालन करते हुए जीवन में आगे बढ़ें, यही उनके प्रति देशवासियों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति के गीत और भजन गायन की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर उपमहापौर नगर निगम शिमला उमा कौशल, उपाध्यक्ष वन विकास निगम केहर सिंह खाची, पार्षदगण और डीसी शिमला सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News