हिमाचल भाजपा की बड़ी कार्रवाई, धर्मशाला के पूर्व मेयर-डिप्टी मेयर सहित 6 बागी नेता पार्टी से सस्पैंड
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 07:46 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत कर चुनाव लड़ने वाले नेताओं पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा एक्शन लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सख्त रुख अपनाते हुए 6 बागी नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए नेताओं में नगर निगम धर्मशाला के पूर्व मेयर और पूर्व डिप्टी मेयर जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
अनुशासन समिति की सिफारिश पर हुई कार्रवाई
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा जारी की गई आधिकारिक प्रैस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी द्वारा एक अनुशासन समिति का गठन किया गया था। इस समिति को जिला एवं मंडलों से शिकायतें मिली थीं कि कुछ कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। समिति ने इन शिकायतों पर गहन विचार-विमर्श किया और इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला मानते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की थी। इसी अनुशंसा का कड़ा संज्ञान लेते हुए डॉ. बिंदल ने पार्टी संविधान के अनुसार यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन बागी नेताओं पर गिरी गाज
- नगर निगम धर्मशाला से ओंकार नैहरिया (पूर्व मेयर) –वार्ड नंबर 2
- तेजेन्द्र कौर (पूर्व डिप्टी मेयर) – वार्ड नंबर 6
- सरोज गुलेरिया (मंडल सचिव, धर्मशाला शहरी मंडल) – वार्ड नंबर 8
- मितुल शुक्ला (बूथ अध्यक्ष) – वार्ड नंबर 14
- हिमांशी अग्रवाल (महिला मोर्चा मंडल सचिव, धर्मशाला शहरी मंडल) – वार्ड नंबर 1
- नगर परिषद नाहन से लीला सैनी – वार्ड नंबर 3
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

