Shimla: मुख्यमंत्री सिर्फ झूठ बोलते हैं, उनकी बातों पर अब जनता को भरोसा नहीं : जयराम
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 06:02 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू झूठ बोलते हैं, उनकी बातों पर अब जनता को भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की हालत अब पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता दीदी जैसे हो गई है तथा मौजूदा चुनाव परिणाम उन्हें और विचलित करेंगे। जयराम ठाकुर प्रदेश भाजपा कार्यालय दीप कमल शिमला में भाजपा की तरफ से शहरी निकाय चुनाव में मिली जीत का जश्न मनाने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को चुनाव परिणाम का पता था, इसलिए चुनाव टालने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार में भ्रष्टाचार, अराजकता और माफिया राज हावी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री झूठे हैं और उनके ऊपर उनके ही मंत्री भरोसा नहीं करते हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निगमों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भी भाजपा शानदार प्रदर्शन करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमल सूद, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंद और शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता इस अवसर पर उपस्थित थे।
नड्डा ने भी किया जीत का दावा
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए इसके लिए पार्टी कार्यकर्त्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने इस जीत के लिए प्रदेश की जनता का भी आभार जताया।
देवभूमि में चला मोदी मैजिक : सिकंदर
सांसद डा. सिकंदर कुमार ने शहरी निकाय चुनाव में मिली जीत को मोदी मैजिक करार दिया। उन्होंने दावा किया कि अब वर्ष, 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। डा. सिकंदर कुमार ने शिमला से जारी बयान में कहा कि यह नतीजे कांग्रेस के अहंकार और कुशासन पर जनता का करारा तमाचा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की विफलताओं से तंग आ चुकी है। उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं सांसद अनुराग ठाकुर के साथ जमीनी स्तर पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्त्ताओं को बधाई दी।

