जेल में बंद हनी ट्रैप केस की मुख्य आरोपी के घर में लगी आग

punjabkesari.in Wednesday, Jun 09, 2021 - 09:25 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): हनी ट्रैप केस की मुख्य आरोपी कृष्णा का मकान जलकर राख हो गया। कृष्णा और उसका पति इन दिनों जेल में बंद हैं। इनके साथ एक महिला सरना भी जेल में है। बुधवार को सुबह के समय करीब 8 बजे डाबरी में कृष्णा के मकान में आग लग गई, जिससे मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। लोगों ने सुबह के समय मकान से अचानक धुआं उठता हुआ देखा और शोर मचाया। पंचायत प्रधान ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस मकान में इन दिनों कोई नहीं रह रहा था। फिलहाल आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने भी घटना को लेकर मामला दर्ज किया है।

बता दें कि कृष्णा और उसके पति पर आरोप हैं कि हनी ट्रैप गैंग के जरिए भी इन्होंने कई लोगों को लूटा हुआ है। कोई झांसा देकर ये लोगों को घर बुलाते थे और बाद में उन्हें दुष्कर्म मामले या अन्य मामलों में फंसाने की धमकी देकर लूटते थे। लूटने के बाद कई लोग लोकलाज के चलते इनके खिलाफ शिकायत भी नहीं कर पाते थे। पिछले दिनों हुई शिकायत के बाद जब इनकी गिरफ्तारी हुई तो इनके द्वारा लूटे गए कई अन्य लोग भी शिकायत करने आगे आए। अब हनी ट्रैप केस की मुख्य आरोपी का घर जलकर राख हो गया। फायर ऑफिसर दुर्गा सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना में 2 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। अभी राजस्व विभाग की टीम भी नुक्सान का आकलन करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News