कांगड़ा में अस्पताल के सामने इलैक्ट्रॉनिक दुकान में लगी भीषण आग,  लाखों रुपए का नुक्सान

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 03:05 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में उपमंडल अस्पताल के ठीक सामने स्थित एक दुकान में बुधवार को अचानक आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए कांगड़ा के फायर ऑफिसर अनिल कुमार ने बताया कि दमकल विभाग को तड़के लगभग 3 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए दमकल विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत उपकरणों के साथ मौके पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फायर अफसर ने बताया कि जिस दुकान में यह आग लगी, वह एक इलैक्ट्रॉनिक और इलैक्ट्रिकल की दुकान थी। इस दुकान में मुख्य रूप से इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों की रिपेयरिंग का काम किया जाता था। आग लगने के कारण दुकान में रखा ग्राहकों और मालिक का लगभग 2 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया है।

राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया। फायर अफसर अनिल कुमार के अनुसार अस्पताल के सामने का इलाका होने के कारण वहां अन्य दुकानें भी सटी हुई हैं। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास की दुकानों तक आग नहीं पहुंच सकी, जिससे करीब 30 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से सुरक्षित बचा लिया गया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News