कांगड़ा में भाजपा का सूपड़ा साफ, नगर परिषद चुनावों की बंपर जीत 2027 का सेमीफाइनल” : अनुराग शर्मा

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 10:14 PM (IST)

धर्मशाला: जिला कांगड़ा में नगर परिषद एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्यसभा सांसद एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने इसे जनता के विश्वास, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी की जनहितैषी नीतियों की जीत बताया है। अनुराग शर्मा ने इस शानदार जीत पर जिला कांगड़ा की समस्त जनता, कांग्रेस प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नगर परिषद चुनावों की जीत नहीं, बल्कि 2027 की सत्ता का सेमीफाइनल है। जिला कांगड़ा की जनता ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में 15 की 15 सीटें कांग्रेस के झोले में आएंगी।

अनुराग शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने जिस तरह प्रदेश में जनकल्याणकारी नीतियों को लागू किया है, उससे आम जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने हर वर्ग के हित में निर्णय लेकर यह साबित किया है कि कांग्रेस सरकार जनता की भावनाओं और ज़मीनी मुद्दों के साथ खड़ी है। चाहे कर्मचारी वर्ग हो, महिलाएं हों, युवा हों, किसान हों या गरीब परिवार हर वर्ग के लिए सरकार ने सकारात्मक और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।

उन्होंने हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, जिला कांगड़ा की जनता, सभी कांग्रेस प्रत्याशियों और हजारों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक मेहनत करके भाजपा के कई राजनीतिक समीकरण बदल दिए और जिला कांगड़ा में भाजपा काे साफ कर दिया। नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस ने जिला कांगड़ा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है।

 कांगड़ा : कांग्रेस 8 – भाजपा 1
 ज्वालाजी : कांग्रेस 7 – भाजपा 2
 देहरा : कांग्रेस 5 – भाजपा 2
 नूरपुर : कांग्रेस 6 – भाजपा 3
 शाहपुर : कांग्रेस 5 – भाजपा 2
 नगरोटा : कांग्रेस 4 – भाजपा 3
( नगरोटा में आरक्षित सीट पर कांग्रेस का अध्यक्ष ) 

अनुराग शर्मा ने कहा कि यह जीत कांग्रेस विचारधारा, जनता के विश्वास और मजबूत संगठनात्मक एकता की जीत है। उन्होंने जिला कांगड़ा की जनता, सभी कांग्रेस प्रत्याशियों और हजारों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा: “कांग्रेस परिवार जनता के इस विश्वास को कभी नहीं भूलेगा।” “कांगड़ा ने दे दिया संदेश — 2027 में कांग्रेस और मजबूत होकर लौटेगी।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News