Kangra:1 घंटे में चार्ज होंगे वाहन, कांगड़ा के 4 स्थानों पर लगेंगे फास्ट चार्जिंग स्टेशन
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 05:12 PM (IST)
धर्मशाला (प्रियंका) : कांगड़ा जिले में ई-व्हीकल उपयोगकर्त्ताओं के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। परिवहन विभाग ने जच्छ, बीड़-बिलिंग, नूरपुर और ज्वाली में फास्ट ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम तेज कर दिया है। करीब 20 लाख की लागत से बनने वाले इन स्टेशनों पर 15–20 किलोवाट क्षमता के फास्ट चार्जर लगाए जाएंगे, जो लगभग 1 घंटे में वाहन को चार्ज करने में सक्षम होंगे। चार्जिंग स्टेशन बिल्ड, ऑपरेट एंड मैंटेन आधार पर तैयार किए जाएंगे, जिसमें थर्ड पार्टी एजैंसी निर्माण, संचालन और रखरखाव का जिम्मा संभालेगी। कंपनी की ओर से प्रोजैक्ट में निवेश किया जाएगा, जबकि चार्जिंग शुल्क प्रदेश सरकार तय करेगी।
आरटीओ कांगड़ा विकास जम्वाल ने बताया कि इस परियोजना से संबंधित फाइल शिमला भेजी गई है और मंजूरी मिलते ही कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल ज्यादातर ई-व्हीकल धारक अपने निजी चार्जर का इस्तेमाल करते हैं, जिनकी 5-10 किलोवाट क्षमता के चलते वाहन को चार्ज करने में 4 से 6 घंटे का समय लगता है। ऐसे में फास्ट चार्जिंग स्टेशन शुरू होने से यह समय घटकर करीब एक घंटा रह जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

