Himachal: कांगड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, बैजनाथ में नशा तस्करी से अर्जित 96.77 लाख की संपत्ति फ्रीज
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 11:48 AM (IST)
बैजनाथ (सुरिन्द्र): जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बैजनाथ थाना में दर्ज हैरोइन तस्करी मामले में आरोपियों की लाखों रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। बैजनाथ पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी सोनिका राणा और उसके बेटो प्रिंस राणा तथा आकाश राणा की लगभग 96,77,350 रुपए की चल-अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गहन जांच के दौरान ये तथ्य सामने आए कि आरोपियों द्वारा कथित तौर पर नशा तस्करी के माध्यम से बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई थी।
मकान, वाहन, बैंक खाते और आभूषण जब्त
जांच के आधार पर पुलिस ने संपत्तियों का रिकॉर्ड जुटाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसके बाद फ्रीज करने की कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस द्वारा फ्रीज की गई संपत्तियों में कई प्रकार की चल और अचल संपत्तियां शामिल हैं। इनमें दो बोलेरो पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक आवासीय मकान, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक खातों में जमा राशि, एफडीआर और एलआईसी पॉलिसियां शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अब संबंधित आरोपी बिना प्रशासनिक अनुमति इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त, बिक्री अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरण नहीं कर सकेंगे।
नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
जिला कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि केवल नशा बरामद करना ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशे के नैटवर्क को तोड़ने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
करीब एक करोड़ रुपए की संपत्तियां फ्रीज किए जाने की इस कार्रवाई के बाद बैजनाथ क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का मानना है कि नशा कारोबार से जुड़े मामलों में संपत्ति जब्त जैसी कार्रवाइयां अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश साबित हो सकती हैं।

