कांगड़ा के मैक्लॉडगंज में कैफे में लगी भीषण आग, लाखों रुपए का सामान जलकर खाक

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 12:34 PM (IST)

Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के मैक्लॉडगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पर एक कैफे में देर रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। वहीं, इस आगजनी की घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, मैक्लॉडगंज के जोगीबाड़ा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध 'कैफे नईमा लहासा' में देर रात भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में पूरे रेस्टोरेंट परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा फर्नीचर, मशीनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड के सटीक कारणों की अभी आधिकारिक जांच चल रही है, लेकिन प्रारंभिक आकलन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। रात का समय होने के कारण शुरुआत में आग की लपटों पर किसी की नज़र नहीं पड़ी, जिससे आग को तेजी से फैलने का मौका मिला और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

कैफे संचालकों दावा पुतिन और ताशी ने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आग की वजह से रेस्टोरेंट का अधिकांश हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कैफे का बड़ा हिस्सा जल चुका था। स्थानीय निवासियों ने भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग किया।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News