Municipal Council Elections: कांगड़ा में 75.47% तो ज्वालामुखी में 75.52% मतदान दर्ज
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 06:06 PM (IST)
कांगड़ा/ज्वालामुखी (अविनाश/नितेश): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और ज्वालामुखी नगर परिषद के चुनाव रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। लोकतंत्र के इस महापर्व में दोनों ही जगहों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दोनों ही नगर परिषदों में मतदान का कुल आंकड़ा 75 प्रतिशत के पार दर्ज किया गया है।
कांगड़ा नगर परिषद चुनाव की बात करें तो यहां सुबह 7 बजे से ही लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। वार्ड नंबर-4 के मतदान केंद्र पर मतदान को लेकर लोगों में काफी जोश दिखा। ठीक ऐसा ही माहौल वार्ड नंबर-3 में स्थित ओबीसी ऑफिस मतदान केंद्र पर भी रहा, जहां दोपहर 3 बजे के बाद भी मतदाता वोट डालने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। इस चुनाव में पहली और दूसरी बार मतदान करने आए युवक-युवतियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, वार्ड नंबर-7 में एक 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भी अपना वोट डालकर लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था दिखाई। कांगड़ा में प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। इन्हीं पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच कांगड़ा नगर परिषद के सभी 9 वार्डों में कुल 75.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर, ज्वालामुखी नगर परिषद चुनाव में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यहां के 9 वार्डों में कुल 75.52 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। ज्वालामुखी में कुल 5556 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 4196 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान एक खास बात यह देखने को मिली कि मतदान करने में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया और उनकी भागीदारी पुरुषों से अधिक दर्ज की गई। ज्वालामुखी चुनाव के वार्ड-वार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड नंबर-5 में सबसे ज्यादा 80.34 फीसदी मतदान हुआ, जबकि वार्ड नंबर-9 में सबसे कम 69.93 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। गौरतलब है कि ज्वालामुखी के 9 वार्डों में से वार्ड नंबर-2 में प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुना जा चुका है। यहां भी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे, जिससे चुनाव बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ।

