Himachal: लंदन यात्रा के लिए दिखाई फर्जी स्पॉन्सरशिप, शिमला में पुलिस इंस्पैक्टर पर मुकद्दमा दर्ज

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 09:21 PM (IST)

शिमला (संतोष): विदेश यात्रा की विभागीय अनुमति पाने के लिए फर्जी वित्तीय स्पॉन्सरशिप का सहारा लेना एक पुलिस अधिकारी को भारी पड़ गया है। इस धोखाधड़ी और भ्रामक जानकारी देने के आरोप में शिमला के ढली पुलिस थाने में इंस्पैक्टर विजय कुमार के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। 

जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में जुन्गा स्थित प्रथम एचपीएपी बटालियन में हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा के प्रभारी रहे इंस्पैक्टर विजय कुमार ने लंदन के हाऊस ऑफ लॉर्ड्स में विकसित भारत के लिए पाठ्यक्रम तैयार करना-2047 चर्चा में हिस्सा लेने के लिए अनुमति मांगी थी। उन्होंने पुलिस मुख्यालय में अरनी विश्वविद्यालय का एक स्पॉन्सरशिप पत्र पेश कर दावा किया कि उनकी यात्रा और आवास का सारा खर्च विश्वविद्यालय उठाएगा। 

विभागीय स्तर पर जब इस स्पॉन्सरशिप पत्र का सत्यापन किया गया, तो जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विश्वविद्यालय ने अधिकारी को कोई भी वित्तीय सहायता नहीं दी थी। वास्तव में, इस विदेश यात्रा पर खर्च हुए लगभग 1.57 लाख रुपए का भुगतान इंस्पैक्टर और उनकी पत्नी के निजी बैंक खातों के माध्यम से एक ट्रैवल एजैंसी को किया गया था। इस मामले में विश्वविद्यालय ने भी स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि स्पॉन्सरशिप पत्र केवल वीजा और विभागीय एनओसी प्राप्त करने में मदद करने के उद्देश्य से जारी किया गया था। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है और इसके हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News