ठेेकेदारी प्रथा के विरोध में गरजे सचिवालय कर्मचारी, ‘साडा हक इत्थे रख’ के लगाए नारे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 27, 2021 - 07:29 PM (IST)

शिमला (राक्टा): सचिवालय में ठेेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देने पर हिमाचल प्रदेश सचिवालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ उग्र हो गया है। इसी कड़ी में संघ ने मंगलवार को सचिवालय परिसर में आम सभा का आयोजन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने साडा हक इत्थे रख के साथ ही प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आम सभा के दौरान  कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ के प्रधान टेक राम शर्मा ने कहा कि सचिवालय प्रशासन आऊटसोर्स पर सफाई कर्मचारियों को रखने का निर्णय तत्काल प्रभाव से वापस ले। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मुख्यमंत्री को गुमराह करते हुए ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रहा है। अधिकारी प्रमोशन ले रहे हैं जबकि नीचे वाले कर्मचारियों की कोई नहीं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का प्रतिनिधिमंडल बीते दिन इस मसले पर मुख्य सचिव से भी मिला था लेकिन कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आए।

आऊटसोर्स का प्रचलन कर्मचारियों के हित में नहीं 

महासचिव प्रहलाद गौतम ने कहा कि सचिवालय में आऊटसोर्स का प्रचलन कर्मचारियों के हित में नहीं है। यहां ठेकेदारी प्रथा शुरू कर सरकारी सेवाओं का दरवाजा बंद किया जा रहा है। इसी तरह कार्यालय कनिष्ठ सहायकों के पदों को भरकर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के पदोन्नति के अवसरों को समाप्त किया जा रहा है, जो कर्मचारियों के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन जल्द उचित निर्णय ले।

...तो आंदोलन को दिया जाएगा उग्र रूप

संघ ने चेताया है कि यदि उनकी मांग पर प्रशासन समय रहते उचित निर्णय नहीं लेता है तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। प्रहलाद गौतम ने कहा कि बुधवार को भी डेढ़ बजे आम सभा का आयोजन किया जाएगा। पदाधिकारियों का कहना था कि सचिवालय में सफाई कार्य बेहतर ढंग से चला हुआ है। यदि कोई कमी है तो प्रशासन बताए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News