Kangra: न्यूगल खड्ड में मिला महिला का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 07:50 PM (IST)

धीरा (गगन): पुलिस चौकी धीरा के अंतर्गत न्यूगल खड्ड के किनारे मंगलवार देर शाम करीब 50 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव नग्न अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि महिला का शव ऊपरी क्षेत्र से पानी के तेज बहाव में बहकर यहां पहुंचा होगा। जानकारी के अनुसार, न्यूगल खड्ड में पानी के तेज बहाव को देखने के लिए कुछ लोग पुल पर खड़े थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड में पड़े शव पर पड़ी। लोगों ने तुरंत अन्य ग्रामीणों के साथ पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी धीरा प्रभारी देशराज टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

दमकल विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर शव को खड्ड से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक पालमपुर सुनील राणा ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News