Kangra: पूर्व तिब्बती राजनीतिक कैदियों से दलाईलामा की मुलाकात, करुणा और एकता का दिया संदेश
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 07:10 PM (IST)
धर्मशाला (नितिन): तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने वीरवार को मैक्लोडगंज स्थित अपने आधिकारिक निवास पर अंतर्राष्ट्रीय तिब्बती पूर्व राजनीतिक कैदियों के संगठन के सदस्यों सहित लगभग 450 श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान पूर्व राजनीतिक कैदियों के साथ विशेष मुलाकात में दलाईलामा ने तिब्बत और चीन के लोगों के बीच सांझा मानवीय मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों ही समुदाय करुणा, प्रेम और शांति की समान आकांक्षा रखते हैं और मानवीय दृष्टिकोण से सभी एक समान हैं।
मुलाकात के दौरान पूर्व राजनीतिक कैदियों ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए दलाईलामा के प्रति गहरी श्रद्धा प्रकट की। उन्होंने अपनी हार्दिक इच्छा जताई कि दलाईलामा का शीघ्र ही तिब्बत में रह रहे तिब्बती लोगों के साथ पुनर्मिलन हो। यह मुलाकात भावनात्मक और प्रेरणादायक रही, जिसमें करुणा, सह अस्तित्व और तिब्बती लोगों की आशाओं की झलक साफ दिखाई दी। पूर्व कैदियों ने दलाईलामा के मार्गदर्शन को अपने जीवन के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

