Kangra: भवारना में सांड का आतंक, फिर किया एक और गंभीर घायल

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 09:34 PM (IST)

भवारना (अतुल): भवारना में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले जिस आवारा सांड के हमले में एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हुई थी, उसी सांड ने रविवार को शनि मंदिर भवारना के पास सड़क से गुजर रहे मिलाप चंद कटोच पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सांड के सींग लगने से उनकी बाजू में गहरा घाव हो गया। बताया जा रहा है कि मिलाप चंद कटोच किसी काम से सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया। घायल मिलाप चंद को उपचार के लिए पालमपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार भवारना के विभिन्न हिस्सों में आवारा सांड दिनभर सड़कों पर घूमते रहते हैं। सांडों को देखकर राहगीरों को जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ता है। कई बार सांड सड़कों पर झुंड बनाकर बैठ जाते हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित होता है। कुछ दिन पहले इसी सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत और अब दोबारा हमले की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। भवारना पंचायत प्रधान सौरभ डोगर ने कहा कि पंचायत की ओर से जल्द प्रस्ताव पारित कर प्रशासन को भेजा जाएगा और आवारा सांडों की समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News