Kangra: सुधीर शर्मा मुख्यमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी के लिए माफी मांगें : गोमा
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:45 PM (IST)
धर्मशाला (जिनेश): आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने विधायक सुधीर शर्मा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की मांग की है। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान गोमा ने कहा कि भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और नेताओं में सुर्खियों में बने रहने की होड़ मची है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से भाजपा हताश है और इसी कारण मुख्यमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। गोमा ने कहा कि हिमाचल अपनी संस्कृति और संस्कारों के लिए जाना जाता है, इसलिए राजनीति में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।
उन्होंने सुधीर शर्मा से भविष्य में ऐसी भाषा की पुनरावृत्ति न करने और माफी मांगने को कहा। गोमा ने कहा कि सुधीर शर्मा के खिलाफ हो रही कार्रवाई में उन्हें जांच एजैंसी का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति विकास के मुद्दों पर होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों पर। गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिले को विकास में प्राथमिकता दी है। गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए करोड़ों रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं तथा टांडा मैडीकल कॉलेज में एडवांस्ड रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया के तहत केंद्र से सहायता नहीं मिलने के बावजूद प्रदेश सरकार सात इंडोर स्टेडियम बनाने जा रही है, जिनमें जयसिंहपुर और शाहपुर भी शामिल हैं। धर्मशाला सिंथैटिक ट्रैक और इंडोर स्टेडियम के सुधार के प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए भेजे गए हैं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव देवेन्द जग्गी, कांग्रेस नेता पुनीत मल्ली, विजय करण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह भज्जी, वूल फैडरेशन के चेयरमेन मनोज ठाकुर, चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट विक्रमजीत, स्मार्ट सिटी होटल ऐसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल दीवान गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

